धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के माध्यम से अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को मत्स्य पालन गतिविधियों से जोड़कर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है। योजना के तहत मत्स्य पालन क्षेत्र में स्वरोजगार स्थापित करने के इच्छुक पात्र हितग्राहियों से 30 अक्टूबर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना का लाभ जिले के चयनित 86 ग्रामों में निवास करने वाले पात्र अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को दिया जाएगा। इनमें गंजबासौदा विकासखंड के 79 ग्राम, लटेरी के 4 ग्राम, ग्यारसपुर के 2 ग्राम तथा सिरोंज का 1 ग्राम शामिल है। विभिन्न मत्स्य पालन गतिविधियों के लिए मिलेगा सहयोग मत्स्योद्योग, विभाग के सहायक संचालक ने बताया कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत मत्स्य पालन से संबंधित विभिन्न गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इनमें आरएएस (री-सर्कुलेटरी एक्वाकल्चर सिस्टम), फिश फीड मिल, मत्स्य बीज हैचरी, संवर्धन पोखर निर्माण, फिश कियोस्क, बायोफ्लोक, पॉण्ड बायोफ्लोक तथा जलाशयों में मत्स्य बीज संचयन जैसी गतिविधियां शामिल हैं। इसके साथ ही मछली के विक्रय एवं परिवहन के लिए आइस बॉक्स युक्त साइकिल, मोटरसाइकिल, ऑटोरिक्शा एवं इंसुलेटेड वाहन जैसी गतिविधियों को भी योजना में शामिल किया गया है। इस प्रकार योजना के माध्यम से मत्स्य पालन के साथ-साथ मछली के उत्पादन, संवर्धन, परिवहन एवं विपणन से जुड़ी गतिविधियों के लिए भी हितग्राहियों को अवसर उपलब्ध होंगे। इकाई लागत की 90 प्रतिशत राशि अनुदान के रूप में योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार इकाई लागत की 90 प्रतिशत राशि अनुदान के रूप में दिए जाने का प्रावधान है। इससे अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को मत्स्य पालन गतिविधियों को व्यवसाय के रूप में अपनाने में आर्थिक सहायता मिलेगी तथा वे स्वरोजगार स्थापित कर अपनी आय में वृद्धि कर सकेंगे। मत्स्य पालन क्षेत्र में रुचि रखने वाले चयनित ग्रामों के पात्र अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितग्राही निर्धारित अवधि में आवेदन कर योजना का लाभ ले सकते हैं। योजना से संबंधित पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, गतिविधियों एवं आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी के लिए सहायक संचालक मत्स्योद्योग, कलेक्टर कार्यालय के कक्ष क्रमांक 242 में संपर्क किया जा सकता है।
मत्स्य पालन के माध्यम से स्वरोजगार का अवसर, 30 अक्टूबर आवेदन आमंत्रित
विदिशा · 22 अक्टूबर 2026, 17:59
धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत चयनित 86 ग्रामों के अनुसूचित जनजाति वर्ग के पात्र हितग्राही ले सकेंगे योजना का लाभ
तेज़तर्रार डेस्क · 3 मिनट



