उमरिया 18 नवंबर। नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत माय भारत द्वारा भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में करकेली एवं पाली ब्लॉक के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा एवं प्रतिभा को खेल-कूद के माध्यम से सकारात्मक दिशा प्रदान करना तथा नशामुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है। आयोजन के दौरान विभिन्न सामूहिक एवं व्यक्तिगत खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सामूहिक प्रतियोगिताओं में बालक वर्ग की रस्साकशी एवं बालिका वर्ग की हैंडबॉल प्रतियोगिता शामिल रही। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में एथलेटिक्स के अंतर्गत बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़, बालक वर्ग की 200 मीटर दौड़ तथा बालक एवं बालिका वर्ग की गोला फेंक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके अतिरिक्त बालक वर्ग की 5 किलोमीटर साइकिल रेस, बालक एवं बालिका वर्ग की बैडमिंटन तथा बालक वर्ग की पिट्टू प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर मनीष तिवारी सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक शर्मा, एसडीएम बांधवगढ़ अंबिकेश प्रताप सिंह, अग्रणी जिला प्रबंधक गौतम सिंह, भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक अभिषेक आनंद पांडे, राजकुमार महोबिया सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




