उमरिया 1 अक्टूबर - जिले में संचालित शासकीय जिला कार्यालयों एवं समस्त औद्योगिक, वाणिज्यिक एवं अन्य प्रतिष्ठानों के नियोक्ताओं प्रबंधकों को वेतन भुगतान अधिनियम के तहत समय पर करने के निर्देश जारी किये गये हैं। इसके तहत जिन प्रतिष्ठानों या संस्थानों में एक हजार से कम कर्मचारी हैं, उनमें मासिक वेतन का भुगतान 7 तारीख के पूर्व किया जाना अनिवार्य है। यदि नियोक्ता द्वारा हर प्रति माह 7 तारीख तक वेतन भुगतान नही किया जाता तब श्रमिक हेल्पलाईन कमांक 18002338888 पर सूचित कर सकते है ताकि उन्हें समय पर कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

इसी प्रकार जिन प्रतिष्ठानों में एक हजार या उससे अधिक कर्मचारी हैं उनके वेतन का भुगतान 10 तारीख के पूर्व किया जाना सुनिश्चित कराया जाए। श्रमिक/कर्मचारियों को समय पर वेतन प्राप्त होना उनके एंव उनके परिवार के आर्थिक हितों की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है। वेतन भुगतान में अनावश्यक विलंब करने अथवा अधिनियम के प्रविधानों के अंतर्गत आने वाले का उल्लंघन करने पर प्रतिष्ठानों के विरूद्ध दंडात्मक कार्यवाई की जाएगी।