उमरिया इस वर्ष राज्य और राष्ट्रीय स्तर की दो शालेय हैंडबॉल प्रतियोगिताओं की मेजबानी करेगा। स्कूल शिक्षा विभाग के तहत होने वाले इन आयोजनों के लिए जिला प्रशासन ने आवास, भोजन, सुरक्षा और परिवहन की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
सितंबर में राज्य स्तरीय मुकाबले
स्टेडियम में 14 वर्ष आयु वर्ग के बालकों की राज्य स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता 25 से 28 सितंबर तक आयोजित की जानी है। इसमें विभिन्न संभागों से करीब 200 प्रतिभागियों और ऑफिशियल्स के शामिल होने की संभावना है।
इसके बाद 14 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालकों की 70वीं राष्ट्रीय शालेय हैंडबॉल प्रतियोगिता 27 से 31 अक्टूबर तक प्रस्तावित है। दोनों प्रतियोगिताओं का आयोजन स्कूल शिक्षा विभाग के तत्वावधान में होगा।
आवास से स्टेडियम तक की व्यवस्था पर जोर
कलेक्टर राखी सहाय ने कलेक्ट्रेट सभागार में हुई तैयारी बैठक में संबंधित विभागों और आयोजन समितियों को जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने आवास और भोजन सहित दूसरी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सुरक्षा के साथ खिलाड़ियों को आवास स्थल से स्टेडियम तक लाने और वापस पहुंचाने की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया। तैयारियों में अलग-अलग विभागों के बीच समन्वय पर भी जोर दिया गया।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभय सिंह, अपर कलेक्टर प्रमोद कुमार सेन गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार शर्मा, बांधवगढ़ एसडीएम अंबिकेश प्रताप सिंह, डिप्टी कलेक्टर कमलेश नीरज और प्रत्युष श्रीवास्तव सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




