उज्जैन 28 सितंबर। कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह के मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के सभी 824 आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन सेवा के दूसरे दिन बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं तथा किशोरी बालिकाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक पटेल के निर्देशानुसार चिकित्सा अधिकारियों को रोस्टर के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के ड्यू टीकाकरण के साथ गर्भवती महिलाओं की एएनसी चेकअप, एनीमिया जांच, शिशुवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार तथा किशोरी बालिकाओं की बीएमआई और रक्ताल्पता की जांच के साथ आवश्यक औषधि वितरण के निर्देश दिए गए थे।निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग के स्थानीय दलों का गठन कर घटिया, खाचरौद, उन्हेल, बड़नगर एवं इंगोरिया के सेक्टर अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। शिविरों में निर्धारित स्वास्थ्य जांच के अलावा आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श भी दिया गया।बाल विकास परियोजना अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कराया गया। इसके परिणामस्वरूप स्वास्थ्य शिविरों में 20 हजार से अधिक महिलाओं, बच्चों एवं किशोरियों को स्वास्थ्य जांच एवं स्वास्थ्य परामर्श सेवाओं का लाभ मिला।जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री बृजेश त्रिपाठी ने परियोजना घटिया के नजरपुर आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर स्वास्थ्य शिविर में सहभागिता की। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी संवाद-विमर्श से जोड़ते हुए पोषण व्यवहार में परिवर्तन के लाभ बताए तथा आंगनबाड़ी की सेवाओं का लाभ लेने की अपील की।
सेवा संकल्प अभियान आंगन मिलन सेवा
उज्जैन · 28 सितंबर 2026, 19:36
आंगन मिलन सेवा में 20 हजार से अधिक महिलाओं, बच्चों एवं किशोरियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया
तेज़तर्रार डेस्क · 2 मिनट



