कलेक्टर श्री गौरव बैनल के निर्देशानुसार जिले में 0 से 1 वर्ष आयु वर्ग के नवजात शिशुओं का शत-प्रतिशत आधार नामांकन सुनिश्चित करने के लिए विशेष पहल शुरू की गई है। डाक विभाग के सहयोग से जिला चिकित्सालय बैढ़न, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवसर, चितरंगी एवं सिविल अस्पताल बरगवां में प्रत्येक मंगलवार एवं बुधवार को आधार पंजीयन एवं अपडेशन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
प्रत्येक केंद्र पर डाक विभाग के दो कर्मचारी तैनात रहेंगे। कलेक्टर श्री बैनल ने निर्देश दिए हैं कि अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में जन्म लेने वाले प्रत्येक नवजात का आधार नामांकन जन्म स्थान पर ही कराया जाए।
साथ ही जन्म पंजीयन के साथ आधार नामांकन तथा अभिभावकों का मोबाइल नंबर आधार से अपडेट कराने पर विशेष जोर दिया गया है, ताकि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ सुगमता से प्राप्त हो सके।व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने ट्रामा सेंटर का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आधार नामांकन की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित करने के आवश्यक निर्देश दिए।इस दौरान डीजीईएम श्री संजय विश्वकर्मा भी उपस्थित रहे।




