विद्यार्थियों को उनकी रुचि, प्रतिभा और क्षमता के अनुरूप कैरियर चयन के लिए उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में नई पहल की गई है। इसके तहत जिले के 184 शिक्षकों को कैरियर मार्गदर्शक के रूप में प्रशिक्षित किया गया है। ये शिक्षक अब अपने-अपने विद्यालयों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, रोजगार एवं कैरियर के विभिन्न अवसरों की जानकारी देकर उनके भविष्य निर्माण में सहयोग करेंगे।

कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देशन तथा जिला शिक्षा अधिकारी पी.के. सिंह के मार्गदर्शन में समग्र शिक्षा अभियान (सेकेंडरी एजुकेशन) द्वारा कैरियर नोडल शिक्षकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण 16 एवं 17 नवंबर को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, सीधी में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिले के पांचों विकासखंडों के कुल 184 शिक्षकों ने सहभागिता की। इनमें कुसमी से 17, मझौली से 29, रामपुर नैकिन से 39, सीधी से 59 तथा सिहावल से 40 शिक्षक शामिल रहे।

कैरियर मार्गदर्शन के आधुनिक तरीकों से हुए परिचित

एपीसी रमसा डॉ. सुजीत कुमार मिश्र ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ उनके भविष्य को बेहतर दिशा देने के लिए कैरियर मार्गदर्शन को विशेष महत्व दिया गया है। प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को कैरियर संबंधी आधुनिक संसाधनों, तकनीकों एवं मार्गदर्शन की प्रक्रियाओं से परिचित कराया गया है। प्रशिक्षित शिक्षक विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों की रुचि, अभिक्षमता और क्षमता का आकलन कर उन्हें उपयुक्त कैरियर विकल्प चुनने में सहयोग करेंगे।

मास्टर ट्रेनर डॉ. हेमांगद शुक्ल, बालेंदु शेखर दुबे, प्रिया शुक्ला, प्रकाश सिंह, अमित सिंह, जीपी यादव, जय प्रकाश पांडे, हरिओम शुक्ल एवं कृष्णा मिश्रा ने विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया। इसमें कैरियर कैलेंडर, 21 डोमेन, 501 कैरियर कार्ड, यू-रिपोर्ट इंडिया, विद्यार्थी प्रोफाइल तैयार करने, कैरियर संबंधी पूर्वाग्रहों की पहचान तथा कैरियर प्लानिंग की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही पावर स्किल्स तथा कैरियर चयन के लिए मास्लॉव एवं हॉलैंड मॉडल की अवधारणाओं से भी शिक्षकों को अवगत कराया गया।

संवाद और गतिविधियों के माध्यम से दिया प्रशिक्षण

एडीपीसी सीपी तिवारी, नोडल अशोक तिवारी, डॉ. संजीव त्रिपाठी एवं विजय सिंह चौहान के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण को प्रभावी एवं रोचक बनाने के लिए गतिविधि आधारित पद्धति अपनाई गई। शिक्षकों को अलग-अलग समूहों में विभाजित कर संवादात्मक सत्र आयोजित किए गए। कैरियर से संबंधित प्रेरक वीडियो के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार, उच्च शिक्षा एवं व्यावसायिक संभावनाओं की जानकारी भी दी गई।

विद्यार्थियों और अभिभावकों को भी मिलेगा मार्गदर्शन

प्रशिक्षण का प्रमुख उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी विद्यार्थी केवल जानकारी के अभाव में अपनी योग्यता और रुचि के अनुरूप बेहतर कैरियर विकल्प चुनने से वंचित न रहे। प्रशिक्षित शिक्षक विद्यालयों में विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी कैरियर संबंधी जानकारी एवं परामर्श उपलब्ध कराएंगे। इससे विद्यार्थियों को समय रहते अपनी रुचि पहचानने, विभिन्न क्षेत्रों की संभावनाओं को समझने तथा भविष्य की तैयारी के लिए उचित दिशा निर्धारित करने में मदद मिलेगी।

प्रशिक्षण के सफल आयोजन में पुष्पराज सिंह चंदेल खुटेली, बागीश शुक्ल एवं गोविंद प्रताप सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।