जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 16 नवंबर 2026 को शासकीय कन्या महाविद्यालय सीधी में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य ओ.पी. नामदेव की अध्यक्षता में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की छात्राओं के लिए निबंध, भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, त्याग एवं देश के प्रति उनके योगदान को अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य ओ.पी. नामदेव ने अपने उद्बोधन में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन एवं उनके संघर्षपूर्ण व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन त्याग, साहस, समर्पण और देशभक्ति की प्रेरणादायी मिसाल है। हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देना चाहिए।
डॉ. विजय कुमार अहिरवार ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अल्पायु में ही देश और समाज के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका संघर्ष एवं समर्पण आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। महाविद्यालय की छात्राओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहना चाहिए।
कार्यक्रम में प्राचार्य ओ.पी. नामदेव, डॉ. अनीता तिवारी, डॉ. नीलम सिंह, श्रीमती प्रीति केसरवानी, डॉ. प्रीति सतनामी, प्रो. प्राची सिंह सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, स्टाफ एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



