बाल दिवस एवं विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला चिकित्सालय सीधी के बच्चा वार्ड में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ टाइप-1 मधुमेह से पीड़ित बच्चों और उनके परिजनों को बीमारी के उपचार एवं बेहतर देखभाल के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान करना था।
इस अवसर पर वार्ड में भर्ती बच्चों को फल, मिठाई एवं केक के साथ स्केल और पेंसिल जैसी पठन-सामग्री वितरित की गई। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।
कार्यक्रम में चिकित्सकों ने बच्चों के माता-पिता एवं परिजनों को संतुलित आहार, उचित पोषण, स्वस्थ दिनचर्या तथा नियमित उपचार के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चों के समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए पौष्टिक आहार और नियमित दिनचर्या आवश्यक है।
इस दौरान परिजनों को जिला चिकित्सालय में संचालित मधुहारी क्लीनिक के संबंध में जानकारी दी गई। चिकित्सकों ने टाइप-1 मधुमेह से पीड़ित बच्चों के उपचार, देखभाल एवं बीमारी के प्रभावी प्रबंधन के लिए आवश्यक परामर्श और मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. दीपा रानी इसरानी, आरएमओ डॉ. आशीष भारती, डॉ. विनय पटेल, डॉ. सुरेश प्रजापति, डॉ. राहुल चंदेल, डॉ. हिमेश पाठक, डॉ. अरविंद सोनी, डॉ. प्रिया एवं डॉ. नगमा सहित अस्पताल का अन्य स्टाफ उपस्थित रहा। इस अवसर पर वार्ड में भर्ती बच्चे एवं उनके परिजन भी मौजूद रहे।



