जनजातीय गौरव पखवाड़ा के अंतर्गत 13 नवंबर को विकासखंड सोहागपुर में विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लोकगीत, लोकनृत्य, चित्रकला, क्विज एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन संदीपनि विद्यालय छतवई, शहडोल में किया गया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों को जनजातीय संस्कृति, परंपराओं, कला एवं विरासत से जुड़ने तथा अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं में चयनित प्रतिभागी अब 15 नवंबर को माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर, कंचनपुर, शहडोल में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जिला स्तरीय कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा।
जनजातीय गौरव पखवाड़ा के माध्यम से जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, लोककलाओं एवं विरासत को प्रोत्साहित करने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।



