शासन के निर्देशानुसार नगर निगम द्वारा हफसिली ग्राम स्थित डेयरी विस्थापन परियोजना के पशु मेला क्षेत्र में भव्य गोवर्धन पूजा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केबिनेट मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत, विधायक श्री शैलेन्द्र कुमार जैन, श्री श्याम तिवारी, निगमाध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार, निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री, एसडीएम श्री अविनाश रावत, पार्षदों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही। मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने अतिथियों के साथ गोवर्धन गिरीराज का पूजन कर 56 व्यंजनों का भोग अर्पित किया। उन्होंने गौमाता को पुष्पमाला पहनाकर गुड़, चना एवं चारा खिलाया तथा सभी के मंगल की कामना की। उन्होंने स्थानीय कलाकारों के साथ पारंपरिक दिवाली गायन किया और बरेदी नृत्य का आनंद लिया। इस अवसर पर मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि गोवर्धन पूजा हजारों वर्षों से भारतीय संस्कृति और धार्मिक आस्था का अभिन्न अंग रही है। भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र का अहंकार समाप्त कर प्रकृति, गौवंश और गोवर्धन पर्वत के महत्व को समाज के सामने स्थापित किया था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार द्वारा पूरे मध्यप्रदेश में गोवर्धन पूजा के कार्यक्रम आयोजित कर प्राचीन परंपराओं, ग्रामीण संस्कृति और लोकजीवन को सम्मान देने की पहल की गई है। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और भारतीय परंपराओं से जोड़ना है। हमारी धार्मिक मान्यताएं प्रकृति संरक्षण, सद्भाव और सहअस्तित्व का संदेश देती हैं। उन्होंने नगर निगम द्वारा किए गए सुंदर एवं व्यवस्थित आयोजन की सराहना करते हुए निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री और पूरी नगर निगम टीम को बधाई दी। विधायक श्री शैलेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि दीपावली के दूसरे दिन आयोजित होने वाला अन्नकूट एवं गोवर्धन पूजन हमारी समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। ऐसे आयोजन हमारी लोक संस्कृति, गौसेवा और प्रकृति के प्रति सम्मान की भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनते हैं। हफसिली में आयोजित इस कार्यक्रम से ग्रामीण संस्कृति और पारंपरिक लोककलाओं को मंच मिला है। श्री श्याम तिवारी ने कहा कि गोवर्धन पूजा हमारी आस्था, परंपरा और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का पर्व है। प्रदेश सरकार द्वारा इस आयोजन को व्यापक स्तर पर मनाने की पहल से हमारी सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिल रही है। ऐसे आयोजनों में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता हमारी परंपराओं को जीवंत बनाए रखती है। निगमाध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार ने कहा कि नगर निगम द्वारा हफसिली डेयरी विस्थापन परियोजना स्थल पर गोवर्धन पूजा का आयोजन कर ग्रामीण संस्कृति, पशुपालन और लोककलाओं को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया है। इस आयोजन में बड़ी संख्या में नागरिकों एवं पशुपालकों की सहभागिता उत्साहजनक रही। गोबर-मिट्टी से निर्मित 125 फीट परिधि और 11 फीट ऊंचे गोवर्धन गिरराज रहे आकर्षण का केंद्र हफसिली गोवर्धन पूजा में गोबर एवं मिट्टी से निर्मित 125 फीट परिधि और 11 फीट ऊंचे विशाल गोवर्धन गिरराज श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे। मोनिया व्रत धारण किए मोनियों ने गोवर्धन गिरराज की परिक्रमा कर पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया। गोबर से भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक प्रतिमा, बांसुरी और मटकी की कलाकृतियां बनाई गईं। गौमाता सहित पशुधन को सजाकर पशुपालक मेले में पहुंचे। रंगोली एवं आकर्षक साज-सज्जा से पूरा परिसर रंग-बिरंगा नजर आया। लोककला को प्रदर्शित करते मोनिया नृत्य, दिवाली नृत्य, ग्वाल नृत्य एवं रास नृत्य के साथ ढोल, ताशे और नगड़िया की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। अन्नकूट पूजन में 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग भगवान गोवर्धन गिरराज को अर्पित कर प्रसादी का वितरण किया गया। मेले में स्थानीय व्यापारियों ने खाद्य सामग्री, खिलौनों सहित विभिन्न वस्तुओं की दुकानें लगाईं, जिससे स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिला। सुबह 11 बजे से शुरू हुए मेले में शाम तक सागर एवं आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और नागरिक पहुंचे। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य सुश्री मेघा दुबे, श्री रुपेश यादव, श्री धर्मेंद्र खटीक, श्री शैलेष केसरवानी, श्री रामू ठेकेदार, उपायुक्त श्री एस.एस. बघेल सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार प्राचीन परंपराओं, ग्रामीण संस्कृति और लोकजीवन को दे रही सम्मान – मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत
सागर · 10 नवंबर 2026, 12:28
हफसिली में नगर निगम द्वारा आयोजित भव्य गोवर्धन पूजा एवं सांस्कृतिक आयोजन की मंत्री ने की सराहना, निगमायुक्त राजकुमार खत्री एवं पूरी टीम को दी बधाई
तेज़तर्रार डेस्क · 5 मिनट



