सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग नरसिंहपुर द्वारा पारंपरिक खेलों, शारीरिक फिटनेस, नशामुक्ति एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में विकासखंड नरसिंहपुर के आदिवासी बाहुल्य ग्राम कोदरासकला स्थित हाईस्कूल में रस्साकशी, कबड्डी एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें आसपास के गांवों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पारंपरिक खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों को शारीरिक रूप से सक्रिय रहने, खेल भावना विकसित करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं, पौधारोपण गतिविधि के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के प्रायोजक कृषि आदान विक्रेता संघ, नरसिंहपुर द्वारा सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप टिफिन बॉक्स प्रदान किए गए। कार्यक्रम में ग्राम के सरपंच, कृषि विभाग के उप संचालक श्री सौरभ, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री जयनारायण शर्मा, युवा उद्यमी श्री आकांशु शर्मा, जिला कृषि आदान विक्रेता संघ, प्राचार्य श्रीमती शर्मा, शिक्षक श्री नीलेश मालवीय, श्री रंजीत राय, श्री नीरज आर्मो सहित ग्रामीणजन भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन खेल विभाग के समन्वयक श्री विकास शर्मा ने किया।