कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं संवेदनशीलता के साथ सुनीं। जनसुनवाई में कुल 90 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 19 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर आवेदकों को तत्काल राहत प्रदान की गई।

जनसुनवाई के दौरान श्रीधाम निवासी श्रीमती संतोष तिवारी ने अपनी बच्ची के कैंसर उपचार से जुड़ी समस्या कलेक्टर श्रीमती सिंह के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि उनकी बच्ची का उपचार टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल, मुंबई में आयुष्मान कार्ड के माध्यम से जारी है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उपचार के लिए मुंबई आने-जाने का खर्च जुटाना उनके लिए कठिन हो रहा था। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने मामले को संवेदनशीलता से लेते हुए रेडक्रास सोसायटी की ओर से मुंबई आने-जाने के यात्रा व्यय के लिए श्रीमती संतोष तिवारी को मौके पर ही 10 हजार रुपये का चैक प्रदान किया।

इसके अलावा गाडरवारा निवासी मुन्ना कहार ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर कलेक्टर श्रीमती सिंह ने सीएमओ गाडरवारा को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। वहीं आवेदक मुकेश श्रीवास्तव द्वारा कृषि भूमि से अतिक्रमण हटाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए जाने पर तहसीलदार नरसिंहपुर को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में नागरिकों ने विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में एडीएम श्री अरविंद सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित प्रकरणों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की।