मध्यप्रदेश शासन के पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रतिभावान विद्यार्थियों को विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना वर्ष 2026-27 के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सहायक संचालक ने बताया कि योजना के अंतर्गत चयनित मेधावी विद्यार्थियों को विदेश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में स्नातकोत्तर, शोध उपाधि तथा पोस्ट-पीएचडी पाठ्यक्रमों में अध्ययन के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।
योजना का लाभ प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थी विभाग के आधिकारिक पोर्टल mpom.mp.gov.in पर जाकर प्रोफाइल पंजीयन करने के उपरांत ऑनलाइन आवेदन कर उसे लॉक कर सकते हैं। प्रोफाइल पंजीयन के लिए समग्र आईडी के साथ डिजिटल जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र एवं मूल निवासी प्रमाण पत्र का लिंक होना आवश्यक है।
ऑनलाइन आवेदन लॉक करने के 15 दिवस के भीतर आवेदन का प्रिंटआउट तथा सभी आवश्यक स्वप्रमाणित दस्तावेजों की प्रतियां, जैसे अंकसूची, विश्वविद्यालय का ऑफर लेटर एवं क्यूएस रैंकिंग संबंधी प्रमाण, आयुक्त कार्यालय, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण, विंध्याचल भवन, द्वितीय तल, ‘क’ एवं ‘ख’ विंग, भोपाल-462004 में डाक अथवा व्यक्तिगत रूप से जमा कराना अनिवार्य होगा।
विभाग द्वारा पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की सुविधा पूरे वर्ष उपलब्ध रखी गई है। प्रत्येक एक माह की अवधि में प्राप्त आवेदनों को विभिन्न चरणों में संकलित कर मेरिट के आधार पर चयन प्रक्रिया एवं साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।
आवेदन प्रक्रिया अथवा तकनीकी दस्तावेजों से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या या जानकारी के लिए अभ्यर्थी विभागीय हेल्पलाइन नंबर 0755-2553329 एवं 0755-2675521 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त *nodalofficerobc@mp.gov.in पर ई-मेल के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।



