सीहोर के मानसरोवर ग्लोबल विश्वविद्यालय के ‘दीक्षांत समारोह और ग्रेजुएशन डे’ में बुधवार को इंदौर के क्रिकेटर रजत पाटीदार भी उपाधि पाने वालों में थे। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने मध्यप्रदेश के अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर रजत पाटीदार और प्रख्यात भजन गायक पद्मश्री अनूप जलोटा को मानद उपाधि प्रदान की।
राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को उपाधि और पदक दिए। कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में हुए समारोह में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार भी मौजूद रहे।
शपथ एक दिन की नहीं
राज्यपाल ने कहा कि दीक्षित विद्यार्थियों के भावी जीवन का असली उपदेश उनकी दीक्षांत शपथ में ही है, इसलिए उसका पालन एक दिन नहीं, जीवनभर करें। हमेशा विनम्र रहें और कभी अभिमान न करें। उन्होंने नए चिकित्सकों से कहा कि वे पीड़ित मानवता की सेवा का संकल्प लें, मरीजों की बात धैर्य से सुनें और आत्मीय व्यवहार करें।
सेवा की आदत
राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों से विद्यार्थियों में सेवा संस्कार विकसित करने को कहा। उन्होंने सुझाव दिया कि विशेष अवसरों पर रक्तदान शिविर और सामाजिक भागीदारी की गतिविधियां हों और दूरस्थ ग्रामीण इलाकों के प्रतिभावान बच्चों के लिए संस्थान जरूरी कदम उठाएं।




