कटनी (13 नवंबर) - जिला स्तरीय युवा उत्सव 2027 की तिथि में संशोधन किया गया है। अब उत्सव का आयोजन 23 नवंबर 2026 को किया जाएगा। पहले यह आयोजन 19 नवंबर को होना था, लेकिन उच्च शिक्षा विभाग द्वारा 19 से 21 नवंबर तक युवा उत्सव आयोजित किए जाने के कारण तिथि में परिवर्तन किया गया है। खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित यह उत्सव माधवनगर स्थित इंडोर हॉल में किया जाएगा। युवा उत्सव के अंतर्गत सांस्कृतिक विधाओं में समूह लोकनृत्य, समूह लोकगायन, पेंटिंग, कविता लेखन और नुक्कड़ नाटक की प्रतियोगिताएं होंगी। इस वर्ष आयोजन की थीम 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' रखी गई है। इन प्रतियोगिताओं में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे। आयु की गणना 17 अगस्त 2026 की स्थिति में की जाएगी। प्रतिभागी पांचों विधाओं में से किसी एक ही विधा या श्रेणी में हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए युवाओं को My Bharat Portal के माध्यम से पंजीयन कराने के साथ आवेदन भी करना होगा। शासन के निर्देशानुसार पिछले वर्ष युवा उत्सव की सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग ले चुके युवा इस वर्ष प्रतियोगिता में शामिल नहीं हो सकेंगे।जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी ने जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में युवा उत्सव में भाग लेकर अपनी प्रतिभा दिखाने की अपील की है। पंजीयन एवं आयोजन संबंधी अधिक जानकारी के लिए माधवनगर स्थित जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग के इंडोर हॉल कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
जिला स्तरीय युवा उत्सव अब 23 नवंबर को होगा आयोजित समूह लोकनृत्य, लोकगायन, पेंटिंग, कविता लेखन और नुक्कड़ नाटक में युवा दिखाएंगे प्रतिभा
कटनी · 13 नवंबर 2026, 19:18
तेज़तर्रार डेस्क · 2 मिनट



