कटनी (29 अक्टूबर) - छात्राओं को भारतीय संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूक करने के लिए शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन में गुरुवार को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। निबंध प्रतियोगिता में छात्राओं ने सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक महत्व, भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय गौरव और भारतीय ज्ञान परंपरा जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वहीं, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सोमनाथ मंदिर के इतिहास, धार्मिक महत्व और भारतीय संस्कृति से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे गए। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी ज्ञान क्षमता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में सोमनाथ मंदिर को भारतीय आस्था, अटूट श्रद्धा, साहस और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक बताते हुए उसकी ऐतिहासिक महत्ता से छात्राओं को परिचित कराया गया। मंदिर के पुनर्निर्माण का इतिहास भारतीय समाज की दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मसम्मान और सांस्कृतिक चेतना को दर्शाता है। प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्राओं की लेखन क्षमता, विचार अभिव्यक्ति, तार्किक सोच और ऐतिहासिक तथ्यों के प्रति जिज्ञासा को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ एवं छात्राओं की उपस्थिति रही। इस आयोजन को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्रीय स्वाभिमान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।