भारत सरकार के निर्देशानुसार धार में 31 अक्टूबर 2026 को जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम प्रातः 10 बजे पुलिस लाइन स्थित सामुदायिक भवन (सांड रोड), धार में प्रारंभ होगा। जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी ने बताया कि युवा उत्सव का उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना तथा विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उनकी सहभागिता को प्रोत्साहित करना है। युवा उत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें समूह लोक नृत्य, समूह लोक गायन, चित्रकला, कविता लेखन एवं नुक्कड़ नाटक जैसी विधाएं शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवा अपनी कला, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। जिला स्तरीय युवा उत्सव में निर्धारित आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इच्छुक प्रतिभागियों को 30 अक्टूबर 2026 तक पंजीयन कराना अनिवार्य है। प्रतिभागी माय भारत पोर्टल (My Bharat Portal) के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त ऑफलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। ऑफलाइन आवेदन कार्यालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग अथवा पुलिस कंट्रोल रूम परिसर, धार में जमा किए जा सकते हैं। जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने इच्छुक युवाओं से निर्धारित समय-सीमा में पंजीयन कराकर जिला स्तरीय युवा उत्सव में सहभागिता करने की अपील की है। प्रतियोगिताओं एवं पंजीयन संबंधी अधिक जानकारी के लिए कार्यालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग अथवा पुलिस कंट्रोल रूम परिसर, धार से संपर्क किया जा सकता है।