जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में नई पहल की गई है।
कलेक्टर श्री कुमार सत्यम के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री तनुश्री मीणा की पहल पर आंगनवाड़ी केंद्रों की मॉनिटरिंग और बच्चों से संबंधित जानकारी के डिजिटल संधारण के लिए ‘बाल गिनती’ मोबाइल एप्लीकेशन को मैदानी स्तर पर लागू किया जा रहा है।इंदौर की टेक्टम टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विकसित इस डिजिटल एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित एप्लीकेशन के संचालन के लिए 30 सितंबर को संबंधित मैदानी अमले और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के बाद 01 अक्टूबर 2026 से बालाघाट, बैहर और बिरसा परियोजना क्षेत्रों में आंगनवाड़ी केंद्रों की डिजिटल मॉनिटरिंग और डेटा अपडेटिंग का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। ‘बाल गिनती’ ऐप के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों में आने वाले 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों की उपस्थिति तथा उन्हें उपलब्ध कराए जाने वाले हॉट कुक्ड मील यानी गर्म पौष्टिक भोजन की जानकारी डिजिटल रूप से दर्ज की जाएगी।
इससे प्रतिदिन बच्चों की उपस्थिति एवं पोषण आहार की उपलब्धता से संबंधित जानकारी को व्यवस्थित तरीके से संधारित और मॉनिटर किया जा सकेगा। डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से मैदानी स्तर से प्राप्त जानकारी को प्रशासनिक स्तर पर मॉनिटर करने में सुविधा होगी। इससे आंगनवाड़ी केंद्रों की गतिविधियों की नियमित निगरानी तथा आवश्यकतानुसार समय पर कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।
‘बाल गिनती’ ऐप को उपयोग में सरल बनाया गया है। डिजिटल व्यवस्था लागू होने से आंगनवाड़ी केंद्रों से संबंधित जानकारी के संधारण और रिपोर्टिंग की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित एवं पेपरलेस होगी। इससे मैदानी अमले का समय बचने के साथ वरिष्ठ अधिकारियों को भी आवश्यक जानकारी समय पर उपलब्ध हो सकेगी।इस पहल का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करना है।
विशेष रूप से बच्चों की उपस्थिति और पोषण आहार से संबंधित जानकारी डिजिटल रूप से उपलब्ध होने से प्रशासन को जमीनी स्थिति समझने में सुविधा होगी।जिला प्रशासन का प्रयास है कि शासन की ओर से बच्चों के कल्याण और पोषण के लिए संचालित योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र बच्चों तक समय पर पहुंचे।
बालाघाट, बैहर और बिरसा में ‘बाल गिनती’ ऐप के क्रियान्वयन को इसी दिशा में तकनीक आधारित कदम के रूप में देखा जा रहा है।



