शासकीय शंकर साव पटेल महाविद्यालय वारासिवनी में एनसीसी के तत्वावधान में 9 सितंबर को लाइफ स्टाइल डे मनाया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कैडेट्स को पोषक तत्वों की आवश्यकता एवं फिटनेस की उपयोगिता के संबंध में जागरूक करना था।6 मध्य प्रदेश बटालियन एनसीसी बालाघाट के कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल विनीत कमल गुप्ता से प्राप्त निर्देश एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.एस. गेड़ाम के मार्गदर्शन में एनसीसी अधिकारी मेजर डॉ. हेमंत कुमार मंडाले द्वारा कक्ष क्रमांक 02 में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में बीएसएफ के सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर सुरेंद्र बिसेन एवं महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग के क्रीड़ा अधिकारी श्री विकास साहू ने उपस्थित एनसीसी कैडेट्स एवं एनएसएस स्वयंसेवकों को संबोधित किया।अपने संबोधन में विकास साहू ने जीवन शैली के अर्थ पर प्रकाश डालते हुए दैनिक जीवन में अच्छी जीवन शैली के लाभ बताए।
उन्होंने कहा कि अच्छी जीवन शैली सफल एवं स्वस्थ जीवन की कुंजी है, जो शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं भावात्मक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसी कड़ी में व्याख्यानदाता एवं बीएसएफ से सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर सुरेंद्र बिसेन ने कैडेट्स को जीवन शैली एवं स्वास्थ्य के लिए आवश्यक पोषक तत्वों की उपयोगिता पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि व्यवस्थित जीवन शैली किसी भी व्यक्ति के सर्वांगीण विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। जीवन शैली ही कामयाबी का रास्ता है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.एस. गेड़ाम ने परिचर्चा की उपयोगिता के संबंध में कैडेट्स को बताया कि उनके भविष्य के लिए नियमित दिनचर्या अपनाना तथा स्वस्थ शरीर के लिए आवश्यक पोषक तत्वों का ग्रहण करना बेहद जरूरी है। एनसीसी अधिकारी मेजर डॉ. हेमंत कुमार मंडाले ने कैडेट्स को बताया कि एनसीसी के मोटो में अनुशासन का विशेष महत्व है। जीवन में अनुशासन को अपनाना किसी भी व्यक्ति के भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के एनएसएस अधिकारी श्री कृष्णा पराते प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अंडर ऑफिसर कृष निवारे, क्वार्टर मास्टर प्रफुल्ल गोटेकर सहित कुल 40 कैडेट्स उपस्थित रहे।




